International Yoga Day 2025
विशाखापट्नम, 21 जून 2025 — अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आंध्र प्रदेश ने एक नया इतिहास रच दिया। राज्य सरकार द्वारा आयोजित योग कार्यक्रम ने गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जहां सबसे अधिक लोगों ने एक ही स्थान पर एकसाथ सूर्य नमस्कार किया।

यह आयोजन विशाखापट्नम के प्रसिद्ध आर.के. बीच से लेकर भोगापुरम तक फैले 26 किलोमीटर लंबे योग कॉरिडोर पर हुआ। इस भव्य आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की विशेष उपस्थिति रही।

पीएम मोदी ने इस मौके पर कहा, “यह कोई साधारण उपलब्धि नहीं है कि केवल 11 वर्षों में योग को 175 देशों ने अपनाया है। यह भारत की सांस्कृतिक विरासत और जीवनशैली का वैश्विक स्वीकार है।”
उन्होंने आगे कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मन और आत्मा को भी सशक्त बनाता है। इस तरह के आयोजन समाज में सामूहिक ऊर्जा और सकारात्मकता को बढ़ावा देते हैं।
गिनीज़ रिकॉर्ड में दर्ज हुए इस कार्यक्रम में लाखों लोगों ने भाग लिया, जिनमें स्कूल-कॉलेज के छात्र, सरकारी और निजी संस्थानों के कर्मचारी, बुजुर्ग, युवा, महिलाएं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण मंत्रोच्चार, ध्यान और सूर्य नमस्कार की लय में सराबोर रहा।
ताजमहल के सामने आगरा में, एक बच्ची द्वारा छत पर योग करने की तस्वीर ने भी सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं। दुनिया के अलग-अलग देशों में बसे भारतीयों और विदेशी नागरिकों ने भी योग दिवस को उत्साह के साथ मनाया।
यह आयोजन न केवल भारत के योग सामर्थ्य को दिखाता है, बल्कि यह भी सिद्ध करता है कि कैसे एक सांस्कृतिक परंपरा वैश्विक आंदोलन में बदल सकती है।
इस दिन को लेकर सोशल मीडिया पर #InternationalYogaDay2025 और #YogaWithIndia जैसे हैशटैग ट्रेंड करते रहे। भारत ने एक बार फिर विश्व को यह संदेश दिया कि स्वास्थ्य और शांति के मार्ग पर योग सबसे प्रभावशाली साधन है।
News-4u.in की तरफ से सभी को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।

























